तालाब में अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी।
शिकारपुर। बुलंदशहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र में थाना परिसर के पीछे स्थित तालाब में रविवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सलेमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी नितिन जावला ने बताया कि थाना परिसर के पास स्थित तालाब से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






