कहा— छठ महापर्व करोड़ों लोगों की श्रद्धा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक, उत्तर भारतीयों के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता
गाजियाबाद। छठ महापर्व को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। उनके बयान से बिहार और पूर्वांचल समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में गाजियाबाद निवासी, मूल रूप से बिहार के रहने वाले, इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सनसिटी के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव ने राज ठाकरे के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा बताया है।
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि छठ पूजा किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और संस्कृति का प्रतीक है। यह ऐसा महापर्व है, जिसे देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रहने वाले भारतीय पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाते हैं। ऐसे पवित्र पर्व को राजनीतिक विवाद से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनीतिक रूप से चर्चा में रहने का कोई दूसरा मुद्दा नहीं मिलता, तब उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ बयानबाजी शुरू कर दी जाती है। इस तरह की राजनीति समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का काम करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले भारतीयों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार त्योहार मनाने का अधिकार नहीं है?
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र के विकास में उत्तर भारतीयों, विशेषकर बिहार और पूर्वांचल के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ये लोग मेहनत और ईमानदारी से अपना जीवनयापन करते हुए महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में भागीदारी निभा रहे हैं। ऐसे में उनके पर्व, परंपराओं और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से भी इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने तथा महाराष्ट्र में रहने वाले उत्तर भारतीयों की सुरक्षा, सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की।
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि भारत की खूबसूरती उसकी विविधता और सांस्कृतिक एकता में है। छठ पूजा जैसे महापर्व समाज को प्रकृति, परिवार और लोक आस्था से जोड़ते हैं। इसे राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय सभी को इस पर्व की भावना और परंपरा का सम्मान करना चाहिए।






