दादरी। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद दादरी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने नगर पालिका की टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और समतलीकरण से संबंधित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। अधिशासी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छठ पर्व से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने विशेष रूप से घाटों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा घेरा तैयार करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-16 के सभासद आदेश भाटी (टोनी), अवर अभियंता (सिविल) जयपाल, उत्कर्ष सिंह तोमर, तकनीकी सहायक अरुण कुमार, सोहराब और सोबीर सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
नगर पालिका प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराए जाएं, जिससे लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।






