नवप्रवेशित विद्यार्थियों को लक्ष्य, मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास के लिए किया प्रेरित।
डीके निगम संवाददाता
शिकारपुर।श्यामलाल सरस्वती महाविद्यालय में 26 सितंबर 2026 को बी.कॉम., बी.बी.ए. एवं बी.ए. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के सोशल वर्क विभाग के डॉ. अजित सिंह, डी.पी.बी.एस. कॉलेज, अनूपशहर के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. भुवनेश कुमार तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुप्ता रहे। अतिथियों ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष सिद्धार्थ जैन ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया।
मुख्य अतिथि डॉ. अजित सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में ज्ञान का प्रकाश फैलाने के लिए महाविद्यालय की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन से जुड़े विभिन्न संस्मरण सुनाते हुए कहा कि लगन, मेहनत और अनुशासन केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए भी बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को अपनी झिझक और हिचक दूर कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. भुवनेश कुमार ने विद्यार्थियों को सर्वप्रथम अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन जरूरी है। साथ ही शिक्षकों से सवाल पूछने में किसी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए, क्योंकि जिज्ञासा और प्रश्न पूछने की आदत लक्ष्य प्राप्ति एवं बेहतर अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुप्ता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न क्रियाकलापों एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें।
कार्यक्रम के अंत में बी.ए. विभागाध्यक्ष डॉ. हेमा राघव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्राचार्य, शिक्षकों एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नैक कोऑर्डिनेटर/एचआर रेशू भारद्वाज, रजिस्ट्रार डॉ. नीरज कुमार, डीन एकेडमिक डॉ. अमित पाराशर, पुस्तकालयाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, शारी
रिक 

प्रमुख ब्रजपाल सिंह, सहायक प्राध्यापक विकास वार्ष्णेय, सहायक प्राध्यापिका सलोनी भटनागर, कीर्ति शर्मा, वंदना यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बी.कॉम. की छात्राओं लशिका एवं गुनगुन ने किया।






