जनसागर टुडे
शानदार काव्य पाठ से देर तक गूंजता रहा चेरब स्कूल का प्रांगण, नवोदित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प
आजमगढ़। काव्यांगन काव्य मंच आजमगढ़ के तत्वावधान में चेरब स्कूल, हरवंशपुर के प्रांगण में भव्य कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्यिक रंग से सजे कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं युवा कवियों ने अपनी रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि देर तक श्रोता काव्य रस में डूबे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार पंडित जन्मेजय पाठक ने की, जबकि संचालन गीतकार एवं कवि विजयेंद्र प्रताप ‘करुण’ ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद रोशनी गोंड ने मां वीणापाणि की वंदना प्रस्तुत कर साहित्यिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संस्था के अध्यक्ष रत्नेश राय ‘रत्न’ ने सभी कवियों एवं साहित्यकारों का स्वागत करते हुए कहा कि काव्यांगन काव्य मंच का उद्देश्य साहित्य के प्रति नई पीढ़ी में रुचि पैदा करना तथा नवोदित प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
इसके बाद शुरू हुई कवि गोष्ठी में सुरेंद्र सिंह ‘चांस’, सोहनलाल ‘स्नेहिल’, शैलेंद्र मोहन राय ‘अटपट’, दिनेश श्रीवास्तव ‘दाहिर’, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, विजयेंद्र प्रताप ‘करुण’, संजय पांडे ‘सरस’, मैकश आजमी, रत्नेश राय ‘रत्न’, संतोष कुमार पांडे, आदित्य आजमी, श्रेया पांडे एवं रोशनी गोंड ने अपनी-अपनी रचनाओं का पाठ किया। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया और पूरा प्रांगण साहित्यिक ऊर्जा से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रमुख शिक्षाविद् डॉ. प्रवेश सिंह ने सभी अतिथियों एवं कवियों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष पंडित जन्मेजय पाठक ने गोष्ठी को सफल बताते हुए साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अंत में उन्होंने अगली सूचना तक गोष्ठी स्थगित करने की घोषणा की।






