खानपुर में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, नकदी समेत बैटरियां और इन्वर्टर ले उड़े चोर।
बुलंदशहर/खानपुर। खानपुर कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार रात चोरों ने गांधी गंज स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव थौना निवासी सोविन्द्र पुत्र रघुवीर गांधी गंज में सोविन्द्र इलेक्ट्रॉनिक बैटरा नाम से दुकान चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार वह बुधवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से 20,400 रुपये नकद गायब थे।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चोर दुकान से दो बड़ी बैटरियां, तीन छोटी मारुति बैटरियां, चार इन्वर्टर, लगभग 12 किलो तांबे का तार, मोबाइल चार्जर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कस्बे के व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी खानपुर रितेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






