हापुड़ में महिलाओं और युवाओं के लिए सुनहरा मौका, RSETI में शुरू हुई निशुल्क स्किल ट्रेनिंग

हापुड़। युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान में ‘माटी कला स्थापना पखवाड़ा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके साथ महिलाओं के लिए ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण बैच का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अक्षय पंवार, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) आशीष सक्सेना तथा आरसेटी हापुड़ की निदेशक श्रीमती वंदना यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
आरसेटी की निदेशक श्रीमती वंदना यादव ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से पूरे समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपने कौशल के बल पर स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अक्षय पंवार ने माटी कला जैसे पारंपरिक उद्योगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष सक्सेना ने बताया कि बैंक प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। संस्थान द्वारा उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्यमिता विकास, बैंक ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे वे सफल उद्यमी बनकर अपने और अपने परिवार के भविष्य को मजबूत कर सकें।
आरसेटी हापुड़ की यह पहल कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।






