शिकारपुर विधानसभा 69 में राहुल वाल्मीकि की एंट्री से सियासी हलचल, आजाद समाज पार्टी के नए दांव पर बढ़ी चर्चाएं।
डीके निगम संवाददाता
बुलंदशहर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिकारपुर विधानसभा सीट संख्या 69 की राजनीति में एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि आजाद समाज पार्टी इस सामान्य सीट से युवा दलित चेहरे राहुल वाल्मीकि को आगे बढ़ा सकती है। इस संभावना ने क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, यदि आजाद समाज पार्टी राहुल वाल्मीकि को मैदान में उतारती है तो इसका असर अन्य राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। अब तक पार्टी के साथ जाटव और मुस्लिम वोट बैंक को जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन राहुल वाल्मीकि के आने से वाल्मीकि समाज का समर्थन भी पार्टी की ओर आकर्षित होने की संभावना जताई जा रही है।
राहुल वाल्मीकि शिकारपुर नगर के निवासी हैं और लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रह चुके हैं। क्षेत्र में उनका राजनीतिक अनुभव और युवा छवि उन्हें एक संभावित मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित करती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दलित समाज के अन्य वर्गों का समर्थन भी उन्हें मिल सकता है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।
हालांकि, अभी तक आजाद समाज पार्टी की ओर से किसी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में यह सभी चर्चाएं राजनीतिक संभावनाओं और स्थानीय स्तर पर चल रही अटकलों पर आधारित हैं।
फिलहाल इतना तय है कि राहुल वाल्मीकि का नाम सामने आने के बाद शिकारपुर विधानसभा की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। आने वाले समय में पार्टी का अंतिम फैसला और अन्य दलों की रणनीति इस सीट की चुनावी तस्वीर को और स्पष्ट करेगी।






