जनसागर टुडे
आजमगढ़ / सूरज सिंह –“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद और तहसील स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाली कुल 49 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभाग भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा सगड़ी की पूर्व विधायक वंदना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्राओं को सम्मानित करते हुए डेमो-चेक प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि वंदना सिंह ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया तथा महिला एवं बालिका कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया। सम्मानित छात्राओं ने इसे अपने जीवन का प्रेरणादायक पल बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर “हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन” की डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय, जेंडर स्पेशलिस्ट अन्नू सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता रिंकी सिंह, विभिन्न विद्यालयों की महिला अध्यापिकाएं, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।






