अतरौली में भारतीय किसान यूनियन निर्धन उत्थान संगठन का महासम्मेलन, कार्यकारिणी का विस्तार
विशेष संवाददाता डीके निगम
अलीगढ़। अतरौली कस्बे के नंदन वाटिका गेस्ट हाउस में भारतीय किसान यूनियन निर्धन उत्थान संगठन की ओर से विशाल महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई और नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र व आई-कार्ड देकर सम्मानित किया गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महाराज सिंह ने बताया कि नेम सिंह (सेवानिवृत्त फौजी) को राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा, अब्दुल राजिक खां को प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा, चंद्रभान सिंह उर्फ बिट्टू प्रधान को प्रदेश महामंत्री, खेंम सिंह को प्रदेश महामंत्री युवा, रूपेंद्र कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष युवा तथा जयप्रकाश को प्रदेश संगठन मंत्री युवा बनाया गया। नागेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार बघेल समेत अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष महाराज सिंह का पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठन गरीब, किसान और मजदूरों के मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाएगा। उन्होंने कहा कि पद सम्मान नहीं बल्कि जिम्मेदारी है और आई-कार्ड संगठन के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, मजदूरों और महिलाओं के साथ होने वाले कथित अन्याय के खिलाफ संगठित होकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।






