जनसागर टुडे
साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी दीपक राय की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत
मेहनाजपुर (आजमगढ़)- साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच मेहनाजपुर पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को 99 हजार रुपये की धनराशि सुरक्षित वापस करा दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मेहनाजपुर स्थित साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक राय ने यह सफलता हासिल की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहनाजपुर निवासी ज्वाला बरनवाल पुत्र ओमप्रकाश बरनवाल के साथ APK फाइल के माध्यम से कुल 99,500 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 23108250127616 के आधार पर साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी समन्वय और आवश्यक प्रक्रिया के तहत मेहनाजपुर साइबर टीम ने ठगी की गई धनराशि में से 99,000 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में सुरक्षित वापस करा दिए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ज्वाला बरनवाल ने साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक राय एवं पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस की अपील
मेहनाजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें। साथ ही अपने नजदीकी थाने के साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।
पुलिस ने लोगों को अनजान APK फाइल डाउनलोड करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा अज्ञात स्रोतों से प्राप्त फाइलों को मोबाइल में इंस्टॉल करने से बचने की सलाह दी है।






