नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को किया जागरूक, प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील
दादरी, । पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान के तहत जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं वितरण पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की टीम ने 5700 रुपये का अर्थदंड लगाया।
नगर पालिका की टीम ने रेलवे रोड एवं घनश्याम रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और फल-सब्जी विक्रेताओं को प्रतिबंधित प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं भंडारण पर प्रतिबंध की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान सब्जी एवं फल विक्रेताओं तथा स्ट्रीट वेंडर्स को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका अधिकारियों ने आमजन से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक की थैलियों का पूर्ण बहिष्कार करने और खरीदारी के समय कपड़े का थैला साथ रखने का आग्रह किया।
नगर पालिका परिषद दादरी की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने शहरवासियों, दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दादरी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक को अपने दैनिक जीवन से पूरी तरह दूर करें और स्वच्छ दादरी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।






