चालान काटकर ₹7,700 का जुर्माना वसूला, दुकानदारों को किया जागरूक; कपड़े-जूट के थैले अपनाने की अपील
दादरी। स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त दादरी के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से नगर के विभिन्न वार्डों और बाजारों में ‘प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान’ चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नगर पालिका चेयरमैन गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के निर्देशन में पालिका टीम ने विभिन्न बाजारों में दुकानों का निरीक्षण किया। जर्चा रोड, दादरी क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹7,700 का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथिन के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए भविष्य में इसका प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान नगर पालिका टीम ने दुकानदारों और आम नागरिकों से खरीदारी के लिए कपड़े एवं जूट के थैलों का प्रयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। इसे रोकने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।
नगर पालिका परिषद की ओर से नागरिकों को संदेश दिया गया कि “सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना, कपड़े और जूट के थैले का प्रयोग करें।” पालिका का यह अभियान प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और दादरी को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में जारी प्रयासों का हिस्सा है।






