जनसागर टुडे
डीजे संचालकों को सख्त निर्देश, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
ठेकमा/आजमगढ़/ सूरज सिंह – आजमगढ़ के थाना बरदह अंतर्गत ठेकमा पुलिस चौकी परिसर में आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष बरदह चंद्रदीप कुमार ने की, जबकि संचालन चौकी प्रभारी ठेकमा राजेंद्र पटेल ने किया।
बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, डीजे संचालक एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें और किसी भी प्रकार के विवाद या अफवाह से बचें। उन्होंने डीजे संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन एवं माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा का पालन किया जाए। अश्लील एवं आपत्तिजनक गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और निर्धारित समय के बाद डीजे नहीं बजाया जाएगा।
चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल ने पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र और स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि या समस्या की तत्काल पुलिस को सूचना दें। भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में ग्राम प्रधान विनोद कुमार, राजपति यादव, पुलिस स्टाफ, सिपाहीगण सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने का संकल्प लिया।






