अवैध मिट्टी खनन पर एसडीएम का एक्शन, ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी मची खलबली
कार्रवाई के दौरान पहुंची सिफारिशों को दरकिनार करने का दावा, नायब तहसीलदार को जांच के निर्देश
शिकारपुर। खुर्जा-शिकारपुर मार्ग पर आचरू कलां के पास अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर एसडीएम प्रतीक्षा पाण्डेय ने कार्रवाई करते हुए मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। चालक से खनन से संबंधित अनुमति और वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। एसडीएम के निर्देश पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को शिकारपुर कोतवाली भेज दिया गया।
बताया गया कि एसडीएम प्रतीक्षा पाण्डेय मंगलवार को सरकारी कार्य से खुर्जा की ओर जा रही थीं। गांव खड़वाये स्थित रज्जू भैया विद्या मंदिर के पास निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के आसपास मिट्टी खनन और परिवहन होता दिखाई देने पर उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया। दस्तावेजों की जांच में स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर वाहन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही जिला खनन अधिकारी को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मामले की जांच के लिए एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार द्वारा पेट्रोल पंप स्थल और पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही थी। समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी।
सिफारिशों के फोन आने का दावा
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ प्रभावशाली लोगों की ओर से मामले में हस्तक्षेप और वाहन छोड़ने की सिफारिश किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।






