प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा को कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दी बधाई
-
डीके निगम संवाददाता
बुलंदशहर। यूपी कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अराधना मिश्रा ‘मोना’ से
मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि श्रीमती अराधना मिश्रा मोना को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपने का कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का फैसला ऐतिहासिक और दूरदर्शी है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूती मिलेगी। वह कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश में एक ‘ट्रंप कार्ड’ साबित होंगी।उन्होंने कहा कि अराधना मिश्रा मोना का राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनता से उनका सीधा जुड़ाव कांग्रेस को प्रदेश में और मजबूत करेगा। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष को बुलंदशहर जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति, संगठन सृजन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर पार्टी की तैयारियों से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिले में लगातार जनता के बीच जाकर जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। जियाउर्रहमान ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव का चुनाव होगा। कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करते हुए प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करना है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, युवाओं के रोजगार, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस और अधिक सक्रियता के साथ जनता की आवाज बनेगी।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान से जिले में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने को कहा। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने, कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि बुलंदशहर कांग्रेस की पूरी टीम प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में पूरी ताकत के साथ काम करेगी और मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए जिले की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, राजकुमार पंडित, लखमीचंद पाराशर, नईम मंसूरी, अब्बास हुसैन, सचिन वशिष्ठ आदि उपस्थित रहे ।






