तिरंगा फहराकर दी श्रद्धांजलि, वरिष्ठ नागरिकों व उत्कृष्ट सफाई मित्रों का किया सम्मान
चांदपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद चांदपुर के कार्यालय प्रांगण में श्रद्धा एवं गरिमा के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् के गायन के साथ झंडा स्थल पर तिरंगा फहराकर की गई। इसके बाद पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शेरबाज पठान एवं सभासदगणों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के गायन के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के अमूल्य योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं तथा सभी को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस दौरान गांधी जी के नेतृत्व में चले विभिन्न आंदोलनों, स्वतंत्रता संघर्ष तथा पूर्ण स्वराज की मांग से लेकर देश की आजादी तक के महत्वपूर्ण कालखंड पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शेरबाज पठान ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने शास्त्री जी के नेतृत्व में देश द्वारा झेले गए युद्धकाल, ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश तथा हरित क्रांति की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम के समापन से पहले शहर स्थित कुष्ठ आश्रम में पहुंचकर कुष्ठ रोगियों को फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं। इस दौरान पालिका के सभासद मौ. शारिक हाशमी सहित अन्य सभासदगण, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विकास लोहरा, लेखाकार/कार्यालय प्रभारी सलमा, नाजिर/अधिष्ठान बाबू सलीम, जलकल एवं सफाई बाबू/स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी फैसल, निर्माण बाबू महताब अली सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ नागरिकों और सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका की ओर से तीन वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। वहीं ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 सफाई मित्रों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इसके बाद नगर पालिका की टीम मोहल्ला कोटला निवासी स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय महेश चंद गुप्ता की पत्नी श्रीमती माया गुप्ता के घर पहुंची। पालिका अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता सेनानी परिवार के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया।






