बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से निकली कलश यात्रा, भागवत कथा का शुभारंभ

जहांगीरपुर। कस्बे के मोहल्ला कचहरीयान में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले शनिवार को बैंड-बाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ प्राचीन शिव मंदिर से हुआ। यात्रा मोहल्ला सुनारान, कॉलेज, बस स्टैंड, मंदिर, मेन बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई भागवत कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
कलश यात्रा के दौरान धार्मिक भजनों की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके और माहौल भक्तिमय हो गया। कथा व्यास आचार्य अतुल कृष्ण महाराज ने कहा कि प्रभु की भक्ति और उनके स्मरण से ही मनुष्य का जीवन सार्थक होता है। इस अवसर पर लीलाधर अग्रवाल, नरेंद्र कुमार लोहे वाले, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, पिंकू अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।






