शराब ठेके की कैंटीन पर सामान खरीदने को लेकर विवाद, युवक के साथ मारपीट; दोनों पक्षों ने दी तहरीर
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। कस्बे में शराब ठेके की कैंटीन से सामान खरीदने के दौरान उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक युवक रा
जू सैनी के साथ ठेके के सेल्समैन अरविन्द और कैंटीन संचालक द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात ठेके की कैंटीन पर युवक व ठेके के सेल्समेन के बीच सामान खरीदने को लेकर विवाद हो गया। पीड़ित युवक का आरोप है कि कैंटीन संचालक ने उसके द्वारा लिए गए सामान के बिल में सिगरेट के पैसे अपनी मर्जी से जोड़ दिए थे, जिसका विरोध करने पर यह विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि उसी दौरान ठेके का सेल्समैन रॉड लेकर बाहर आया और युवक को घेरकर बुरी तरह पीटा। साथ ही, लूट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। पीड़ित युवक का दावा है कि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने से पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। वहीं, दूसरे पक्ष यानी सेल्समैन अरविंद ने भी युवक पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है और बताया है कि पूरा मामला सीसीटीवी में कैद है।






