धूमधाम से मनाया गया गणेश चतुर्थी महोत्सव, विधायक और समाजसेवी ने लिया आशीर्वाद
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता 
जहांगीराबाद। नगर के रामागंज में आयोजित श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा और समाजसेवी डॉ. सुविन भारद्वाज ने अलग-अलग समय पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की और आरती उतारकर नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान भगवान गणेश के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। विधायक संजय शर्मा ने आयोजकों व क्षेत्रवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी के कल्याण की कामना की। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति और स्थानीय नागरिकों द्वारा मुख्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. सुविन भारद्वाज ने सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजित कार्यक्रम में समिति कार्यकर्ता जयभगवान गुप्ता, अनिल पँवार, सौरभ कश्यप, दीपांशु कश्यप व मनीष कश्यप सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।






