जनसागर टुडे
आजमगढ़ फूलपुर – आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के करीब 4:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब फूलपुर की ओर से सरायमीर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
बताया गया कि कार में कुल नौ किशोर सवार थे, जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी फूलपुर कस्बे में गणेश पंडाल की सजावट का काम करने के बाद तड़के चाय पीने के लिए सरायमीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में सत्यम मोदनवाल (17) पुत्र नाटे मोदनवाल, निखिल मद्धेशिया (17) पुत्र राम फेर और लकी सोनकर पुत्र अखिल सोनकर की मौत हो गई। वहीं छह अन्य घायल हुए हैं, जिनमें सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि फूलपुर की ओर से स्विफ्ट डिजायर कार में नौ लोग सवार होकर आ रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि छह घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






