शिकारपुर तहसील का एसडीएम प्रतीक्षा पांडे ने संभाला कार्यभार, अतिक्रमण और भ्रष्टाचार पर कड़े तेवर।
डीके निगम संवाददाता
शिकारपुर। बुधवार को नवनियुक्त एसडीएम प्रतीक्षा पांडे ने शिकारपुर तहसील का कार्यभार संभाल लिया। चार्ज ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
एसडीएम ने तहसील क्षेत्र की जनता से अपील की कि वह अपनी समस्याएं लेकर सीधे उनके पास आए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनके दरवाजे हर समय खुले हैं।
उन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है, वे स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कस्बा शिकारपुर, पहासू, छतारी और अहमदगढ़ क्षेत्र को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की बात भी उन्होंने कही।
एसडीएम प्रतीक्षा पांडे ने तहसील कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। तहसील क्षेत्र में अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व से पहले बाजारों में मिलावटखोरों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम के कड़े तेवरों से अवैध कब्जाधारियों, मिलावटखोरों और भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों में हड़कंप मचने की उम्मीद है।






