बुलंदशहर की पॉश कॉलोनी यमुनापुरम में बदहाल जल निकासी, गंदे पानी से लोग परेशान।
डीके निगम संवाददाता
बुलंदशहर। जिले की सबसे प्रमुख और पॉश कॉलोनियों में शुमार यमुनापुरम इन दिनों जल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में गंदे पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण जगह-जगह जलभराव और गंदगी बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इसी कॉलोनी में जिले के सांसद, कई जनप्रतिनिधि और उच्च अधिकारी निवास करते हैं। साथ ही जिले का प्रतिष्ठित डीपीएस स्कूल, अन्य स्कूल, अस्पताल और खेल स्टेडियम भी यहीं स्थित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों बच्चों, अभिभावकों और नागरिकों का आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग ₹1,00000 प्रति वर्गमीटर तक की कीमत वाली इस कॉलोनी की मूलभूत सुविधाएं अपेक्षित स्तर की नहीं हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका और संबंधित विकास प्राधिकरण की ओर से जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
गौरतलब है कि जलभराव और नालों की सफाई से जुड़ी समस्याएं पहले भी बुलंदशहर में सार्वजनिक चिंता का विषय रही हैं।
अधिवक्ता प्रदीप कुमार अशोक एवं स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि यमुनापुरम की जल निकासी व्यवस्था का सर्वे कराकर शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव से राहत मिल सके।






