कांवड़ मार्ग पर गूंजी रागिनी, कलाकारों ने बांधा समां।
कलाकारों की प्रस्तुतियों प
र पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बुलंदशहर/अहार क्षेत्र के गांव चासी-औरंगाबाद ताहरपुर कांवड़ यात्रा मार्ग के किनारे मैदान में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रागिनी कलाकारों ने राजा हरिश्चंद्र, सत्यवान-सावित्री, महाभारत और नल-दमयंती के किस्सों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार और महासचिव यशपाल भाटी रहे। उन्होंने फीता काटकर रागिनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज सेवा के कार्यों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। सेवा और सहयोग की भावना से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान संजय सिंह ने की, जबकि संचालन राकेश भाटी ने किया। रसूलपुर, चासी, नोएडा और मेरठ से पहुंचे कलाकारों ने विभिन्न पौराणिक एवं ऐतिहासिक प्रसंगों पर आधारित रागिनी प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। श्रोताओं ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर विकेश खारी, गौरव कुमार, पिंटू सिंह, धीरज सिंह, मुकेश कुमार, चमन सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
मंगलवार तक कांवड़ियों की सेवा करेगा पथिक सेवा दल
राष्ट्रीय सेवा ट्रस्ट के महासचिव यशपाल भाटी ने बताया कि ट्रस्ट की सेवा इकाई पथिक सेवा दल के कार्यकर्ता कांवड़ यात्रा शिविर में आयोजित भंडारे में शिवभक्तों की सेवा करेंगे। शनिवार से सेवा कार्य शुरू कर दिया गया है, जो मंगलवार तक जारी रहेगा। इस दौरान कांवड़ियों के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।






