पारिवारिक विवाद में चचेरे भाई ने साथी संग मिलकर की 64 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, दो गिरफ्तार।
डीके निगम संवाददाता

बुलंदशहर।छतारी थाना छतारी क्षेत्र के गांव नारऊ में पारिवारिक विवाद के चलते 64 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर पर चाकू के चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मामले में मृतक के चचेरे भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अगस्त की मध्यरात्रि में सूचना मिली कि गांव नारऊ निवासी आनन्द स्वरूप पुत्र तोताराम (64) की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही छतारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के परिजनों ने उसके चचेरे भाई के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।
तीन टीमों ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं, जिसमें स्वाट टीम को भी शामिल किया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, क्षेत्राधिकारी डिबाई और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
पूछताछ में वारदात कबूल करने का दावा
पुलिस ने शनिवार सुबह मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का चचेरा भाई और उसका एक साथी शामिल है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना को स्वीकार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि पूर्व से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के चलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






