जनसागर टुडे
आजमगढ़ /सूरज सिंह – आजमगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कंधरापुर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को वादिनी, जो मूल रूप से थाना अहिरौला क्षेत्र की निवासी है तथा वर्तमान में थाना कंधरापुर क्षेत्र में अपने मामा के घर रह रही है, ने थाना कंधरापुर में लिखित तहरीर देकर बताया कि वह बचपन से अपने मामा के घर पर रह रही है। आरोप है कि 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 4:00 बजे वह शौच के लिए गन्ने के खेत की ओर गई थी। इसी दौरान गांव के निवासी लवकुश कुमार पुत्र रामदरश ने उसका मुंह दबाकर उसे अपने घर ले गया। तहरीर के अनुसार, आरोपी की पत्नी मनीषा देवी ने भी कथित रूप से आरोपी का सहयोग करते हुए पीड़िता के कपड़े उतरवाए और उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया। इसके बाद वह कमरे से बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दी, जिसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना के दौरान 28 जुलाई 2026 को निरीक्षक अपराध संजय कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी लवकुश पुत्र रामदरश, निवासी ग्राम गयासपुर, थाना कंधरापुर, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 24 वर्ष) को सुबह 10:18 बजे ग्राम गयासपुर स्थित शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है!!






