आईटीबीपी के एएसआई जयपाल सिंह मीणा का बीमारी से निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।

डीके निगम संवाददाता बुलंदशहर
बुलंदशहर। जनपद के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गंगावास निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में एएसआई पद पर तैनात जयपाल सिंह मीणा (50) का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपाल सिंह मीणा पुत्र हीरा सिंह मीणा वर्तमान में आईटीबीपी में एएसआई के पद पर तैनात थे। परिजनों ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचने पर मेरठ बदायूं हाईवे के रहमापुर गेट से गंगावास तक वाहनों के काफिले के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी और “अमर रहे” तथा “जब तक सूरज-चांद रहेगा, जयपाल सिंह मीणा तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
मंगलवार देर शाम गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान आईटीबीपी के जवानों ने सम्मानपूर्वक अंतिम सलामी दी। इस अवसर पर अहमदगढ़ थाना पुलिस, आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






