प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय का किया निरीक्षण, न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश।
गौतमबुद्धनगर,। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एवं गौतमबुद्धनगर के प्रशासनिक न्यायाधीश अजय भनोट ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के प्रथम दिन जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला न्यायाधीश, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी तथा न्यायिक अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर न्यायालयों की कार्यप्रणाली, लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण, न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा न्यायिक सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने के विषय में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन द्वारा उनका स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, न्यायिक मर्यादा तथा पेशेवर मूल्यों को बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए।
माननीय प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जनपद न्यायाधीश के कक्ष में न्यायिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया और बैठक कक्ष में जिला न्यायालय के कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा न्यायालय के सुचारु संचालन से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा जिला न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






