लोहारा गांव में भाकियू महाशक्ति की पंचायत, किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन।

डीके निगम संवाददाता बुलंदशहर
बुलंदशहर। शुक्रवार को शिकारपुर क्षेत्र के गांव लोहारा में भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) की पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता ठाकुर रमेश सिंह मांगलौर ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिरोही ने किया।
पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को गांव में ही बुलाकर किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। बिजली विभाग के अधिकारियों को बताया गया कि 63 केवीए ट्रांसफार्मर पर अधिक कनेक्शन होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक रहे हैं, जिससे किसानों की फसलें सिंचाई के अभाव में प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में 63 केवीए और 100 केवीए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर दो 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग करते हुए 15 दिनों के भीतर कार्रवाई का ज्ञापन सौंपा गया।
इसके अलावा सरकारी चकमार भूमि से जुड़े मामलों के निष्पक्ष निस्तारण की मांग की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी, एडीओ पंचायत एवं ग्राम विकास सचिव को गांव की जर्जर और टूटे रास्तों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर कराने के लिए ज्ञापन दिया गया।
जल निगम के एसडीओ प्रदीप चौधरी को भी गांव में पेयजल आपूर्ति सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का ज्ञापन सौंपा गया।
पंचायत के दौरान सैकड़ों किसानों और मजदूरों ने भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर जिला प्रवक्ता पवनेश मीना, चौधरी विक्रम सिंह, बंटी सिंह लोधी, पनश्वेरी चौधरी (नीमखेड़ा), नरेश प्रधान शिकारपुर, चौधरी चंद्रवीर सिंह, चौधरी अमित तोमर, राजकुमार शर्मा, अजीम हुसैन, अरुण सिंह सहित दर्जनों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।






