अलीनगर पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, श्री श्याम कृपा धाम मंदिर का किया भूमि पूजन
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और पटका पहनाकर किया भव्य स्वागत, सनातन धर्म की रक्षा का दिया संदेश; गड्ढामुक्त सड़क के दावे की खुली पोल, धूल से श्रद्धालु हुए परेशान
बुगरासी/बुलंदशहर/ तहसील स्याना क्षेत्र के थाना नरसेना अंतर्गत गांव अलीनगर में बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक करीब 10 बजे पहुंचे। यहां उन्होंने नव निर्माणाधीन श्री श्याम कृपा धाम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में भाग लिया। उपमुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने फूल-मालाओं और पटका पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उत्तराखंड से पहुंचे आचार्य धर्मदेव महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि परमात्मा का अस्तित्व कण-कण में विद्यमान है। उन्होंने लोगों से सनातन धर्म से जुड़ने और उसकी रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि बुलंदशहर क्रांति और बलिदान की धरती है। इस जनपद की पहचान पूरे देश में अलग है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वालों में बुलंदशहर की धरती का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने समाज और सनातन धर्म की रक्षा को प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार बताते हुए भारत माता की रक्षा का संकल्प लेने की बात कही।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और सपा को नाटक मंडली बताते हुए कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी का सफाया हो जाएगा तथा भाजपा तीसरी बार भी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय विपक्ष के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में भगवान श्रीराम के जन्मस्थान को लेकर प्रमाण मांगे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सत्ता तक छोड़ दी थी। आज भव्य श्रीराम मंदिर बनकर तैयार है। उन्होंने लोगों से जीवन में एक बार अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर उपमुख्यमंत्री ने विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ श्री श्याम कृपा धाम मंदिर का भूमि पूजन किया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, सड़क की बदहाली ने बढ़ाई परेशानी
उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं, कार्यक्रम में एक बड़ी अव्यवस्था भी देखने को मिली। उपमुख्यमंत्री के आगमन से पहले भी श्री श्याम कृपा धाम मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क गड्ढामुक्त नहीं हो सकी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उड़ती धूल से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि सड़क पर धूल के कारण लोगों का खड़ा होना भी मुश्किल हो गया। वीआईपी आगमन के बावजूद सड़क की बदहाली दूर नहीं होने को लेकर लोगों में चर्चा रही।
यतेंद्र त्यागी, बुगरासी






