महाकाली शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, ईओ ने परखा पूरा रूट

जर्जर तार, गड्ढे और अतिक्रमण बने निशाने पर; ईओ ने दिए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
डीके निगम संवाददाता
शिकारपुर। आगामी महाकाली शोभायात्रा को लेकर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को नगर पालिका परिषद शिकारपुर की अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह के नेतृत्व में पालिका एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने शोभायात्रा मार्ग का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर मौजूद गड्ढों, टूटी नालियों, क्षतिग्रस्त सड़कों, अतिक्रमण और जर्जर विद्युत तारों को चिन्हित कर व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के एसडीओ नरेश कुमार एवं जेई रूप सिंह भी मौजूद रहे। विद्युत अधिकारियों ने शोभायात्रा मार्ग पर लटक रहे एवं जर्जर विद्युत तारों को चिन्हित किया, ताकि समय रहते उन्हें ठीक कराया जा सके और शोभायात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से शोभायात्रा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग पर तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, गड्ढों को भरा जाए, टूटी नालियों की मरम्मत कराई जाए और क्षतिग्रस्त मार्गों को दुरुस्त किया जाए।
ईओ ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले हर हाल में पूरी की जाएं। नगर पालिका प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि महाकाली शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।






