मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अगौता में मिशन शक्ति टीम ने बताए हेल्पलाइन नंबर, साइबर ठगी से बचने के दिए टिप्स
अगौता। थाना अगौता की मिशन शक्ति टीम ने शनिवार को एंटी रोमियो टीम के साथ गढ़िया चौराहा और कस्बा अगौता में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। टीम ने महिला सुरक्षा के लिए 1090 वीमेन पावर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन के बारे में बताया।
अभियान के दौरान महिलाओं को महिला हेल्प डेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला साइबर सेल से मिलने वाली सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। टीम ने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल से सावधान रहने तथा ओटीपी, बैंक खाता और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा टीम ने मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। मनपुर स्थित सनराइज स्कूल में भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों को भी जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं और विद्यार्थियों को सुरक्षा, सहायता सेवाओं, साइबर अपराध से बचाव तथा खेलों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।






