जहांगीराबाद।नगर के अहार बाईपास पर स्थित सिटी हॉस्पिटल का रविवार को विधि-विधान, हवन-पूजन और हर्षोल्लास के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। क्षेत्र के लोगों को अब स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सीय सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन से पहले अस्पताल परिसर में विशेष हवन का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने आहुति देकर अस्पताल के सफल संचालन और क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश सैनी, रामपाल लोधी (पूर्व मंडल अध्यक्ष), ग्रीश गर्ग, संतोष लोधी, आदेश शर्मा, केपी सैनी, रामगोपाल बंसल, मनोज भारती, विष्णु बाबा, मुजाहिद सिद्दीकी, साजिद सिद्दीकी, डब्बू गोड़, डॉ. संतोष गुप्ता, नईम अंसारी और के.बी. लाल सहित नगर के कई संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, क्षेत्रवासियों को विभिन्न गंभीर रोगों के इलाज के लिए अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यहाँ डॉ. राकेश अरोरा: वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. सरफराज आलम: फिजीशियन, डॉ. राशिद: फिजीशियन, डॉ. गौरव शर्मा: फिजीशियन एवं एनेस्थीसिया तथा डॉ. बेजनीर: स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों की सुविधा के लिए सभी चिकित्सकों का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है, जिससे उन्हें आसानी से परामर्श मिल सके।
विधायक संजय शर्मा ने अस्पताल संचालकों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी अंचल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अस्पताल जहांगीराबाद और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुलभ और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने भी प्रतिबद्धता दोहराई कि मरीजों की सेवा और उनकी सुविधा को हमेशा उनकी पहली प्राथमिकता रखा जाएगा।






