जनसागर टुडे
आजमगढ़/ सूरज सिंह – जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित बेलहिया गांव में भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सगड़ी वंदना सिंह ने पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बाढ़ से उत्पन्न आवागमन सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मौके पर मौजूद एसडीएम सगड़ी संजीव कुमार राय एवं तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए एसडीएम के निर्देश पर चार नाव तत्काल लगाई गईं। एसडीएम ने कानूनगो और लेखपाल को निर्देशित किया कि जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त नाव की व्यवस्था की जाए। महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों के आवागमन में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच करेगी और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराएगी। एसडीएम ने बाढ़ चौकियों पर तैनात सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूर्व विधायक वंदना सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और राहत एवं आवागमन की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराने पर जोर दिया!!






