जनसागर टुडे
आजमगढ़/ सूरज सिंह – जनपद में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं पर आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। थाना बरदह और दीदारगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों के दौरान गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। वहीं दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गिरोह के कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखा कारतूस और ₹7,000 नकद बरामद किए हैं। यह नकदी चोरी की भैंस बेचने से प्राप्त होना बताई गई है। पुलिस के अनुसार 27/28 जुलाई की रात थाना दीदारगंज पुलिस ने सूचना के आधार पर शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास घेराबंदी की। बिना नंबर प्लेट की पिकअप रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राशिद घायल हो गया, जबकि अशफाक उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस बरामद हुई। इसी रात थाना बरदह पुलिस ने ग्राम कोदहरा के पास घेराबंदी कर पशु चोरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज घायल हो गया और जुबैर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस, ₹7,000 नकद तथा अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की दो भैंसें बरामद कीं।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में पहले रेकी करते थे और फिर रात के समय भैंस चोरी कर व्यापारियों के माध्यम से बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में पशु चोरी की कुल पांच घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में जुबैर निवासी मुहम्मदपुर भिटिया थाना गंभीरपुर, अशफाक उर्फ मोनू निवासी हसनाडीह थाना अहरौला, जबकि मुठभेड़ में घायल फिरोज निवासी अकबरपुर (अंबेडकरनगर) और राशिद निवासी हंसवर (अंबेडकरनगर) शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन आरोपियों पर पशु चोरी, चोरी, हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं!!






