खबर का असर: बीडीओ के निर्देश पर रामघाट गौशाला में सुधरी व्यवस्थाएं, सौर ऊर्जा लाइट व सीसीटीवी हुए चालू।
जेपी गौतम संवाददाता

रामघाट (बुलंदशहर)। दैनिक जन सागर टुडे समाचार पत्र में रामघाट गौशाला के सामने मृत गाय मिलने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले का संज्ञान लेते हुए बीडीओ विनोद कुमार शर्मा ने गौशाला का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रामघाट क्षेत्र में नई नहर के समीप स्थित गौशाला के सामने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृत गाय डाल दी गई थी। जांच के दौरान बीडीओ विनोद कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि मृत गाय गौशाला की नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने गौशाला में तैनात कर्मचारियों को भविष्य में पूरी सतर्कता बरतने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे तत्काल चालू कराने, गौशाला में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, गायों को समय पर चारा उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
बीडीओ के निर्देशों का पालन करते हुए ग्राम प्रधान रेनू शर्मा, पत्नी लक्ष्मण शर्मा ने गौशाला में सौर ऊर्जा से संचालित लाइटें लगवाईं। साथ ही बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को दोबारा चालू कराया गया और गौशाला परिसर की साफ-सफाई भी दुरुस्त कराई गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की।






