साहिबाबाद (एसपी चौहान)।
साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीद नगर निवासी सईद अली ने मकान खरीदने के बाद कब्जा नहीं मिलने और धोखाधड़ी किए जाने के मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, सईद अली ने 15 मई 2026 को आरोपी आशु से मकान खरीदने के संबंध में विक्रय इकरारनामा, मुख्तारनामा और कब्जा पत्र सहित अन्य दस्तावेज तैयार कराए थे। इसके बाद 10 अगस्त 2026 को पसौंडा के इकबाल कॉलोनी स्थित 30 वर्ग गज का मकान 12 लाख रुपये में खरीदा था। आरोप है कि मकान के दस्तावेजों पर आशु की पत्नी साजिदा और तीन बेटियों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए थे।
पीड़ित का आरोप है कि मकान पहले इमरान के नाम था, जिसने 22 जुलाई को अपने भांजे आसिफ के नाम बैनामा कर दिया था। इसके बावजूद आशु ने मकान उसके नाम बेच दिया। मकान पर पहुंचने पर आसिफ ने उसे अंदर जाने से रोक दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पीड़ित ने 29 जुलाई की घटना के बाद पुलिस और उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू करदी है।






