दादरी में नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से पर्यावरण अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की
दादरी। दीपावली के पर्व को स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से ‘ग्रीन दिवाली अभियान’ चलाया जा रहा है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा WWF-India के E.I.A.C.P. केंद्र के सहयोग से मिशन LIFE (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत 20 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली पर पटाखों से दूरी बनाकर स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां पर्यावरण की कीमत पर नहीं मनाई जानी चाहिए।
अभियान के तहत लोगों को मिट्टी के दीये और LED लाइटों का प्रयोग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने तथा सजावट में प्राकृतिक, बायोडिग्रेडेबल और ईको-फ्रेंडली वस्तुओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी सद्भाव का पर्व है। आइए, इस अवसर पर हम सभी मिलकर दादरी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प लें तथा मिशन LIFE के सिद्धांतों को अपनाते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।






