जनसागर टुडे
मोतियाबिंद के मरीजों की होगी जांच, चयनित मरीजों का वाराणसी में निःशुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण
आजमगढ़ – सामाजिक संगठन लायंस क्लब इंटरनेशनल की बैठक मंगलवार को रोडवेज स्थित एक होटल में हुई। बैठक में आगामी 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर की तैयारियों पर चर्चा की गई। शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लक्षिरामपुर स्थित केएन लाल मेमोरियल हॉस्पिटल में किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी और मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर के संयोजक, लायंस क्लब इंटरनेशनल के चेयरपर्सन (होम्योपैथी) एवं ख्यातिलब्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भक्तवत्सल ने बताया कि जांच के बाद ऑपरेशन के लिए चयनित मोतियाबिंद के मरीजों को उसी दिन बस से वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल ले जाने की व्यवस्था की गई है। मरीजों के आने-जाने के साथ ही ऑपरेशन, उपचार और भोजन की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की आंखों की जांच पर ध्यान दिया जाएगा। जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह शिविर काफी उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच कराएं और आवश्यकता के अनुसार उपचार का लाभ उठाएं।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
शिविर में आने वाले मरीजों को अपने आधार कार्ड की दो छायाप्रतियां, मोबाइल नंबर और मास्क साथ लाना होगा। जिन मरीजों का पहले से इलाज चल रहा है, उन्हें दवाओं का पर्चा और संबंधित जांच रिपोर्ट भी साथ लानी होगी, ताकि चिकित्सकों को उपचार संबंधी जानकारी मिल सके| लायंस क्लब आजमगढ़ मंडल के अध्यक्ष ला. रवि जायसवाल, सचिव ला. सुनील अग्रवाल और कोषाध्यक्ष ला. शशिभूषण गर्ग ने बताया कि शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संगठन की ओर से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके और मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों को उपचार के माध्यम से उनकी दृष्टि वापस पाने में मदद मिले।बैठक में शिविर को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर लॉयन शंकर साव, गोकुल दास अग्रवाल, सुदर्शन दास अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, डॉ. आनंद सिंह, रजनीश सिंह, नितिन गौड़, डॉ. निर्मल श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, ओमप्रकाश अग्रवाल, विजय कुमार, दीप प्रकाश, गोविंद अग्रवाल, अभिषेक द्विवेदी, डॉ. सीके त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






