दादरी। नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा ‘मिशन शक्ति’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा व सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शैफाली पब्लिक स्कूल, रेलवे रोड, दादरी की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
यह कार्यक्रम नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रोमिता शर्मा सहित शिक्षिकाओं पूजा सिसोदिया, गुलफिशा सैफी, निशा अनुरागी, निशा गर्ग, ज्योति सिंह एवं गौरी सोनी के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कक्षा आठ की छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली छात्राओं में सृष्टि भाटी, अनन्या रावत, जोया सैफी और दिशा शर्मा शामिल रहीं। इन छात्राओं ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद दादरी के लिए सराहनीय योगदान दिया। उनके रचनात्मक एवं प्रेरणादायक प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए नगर पालिका की ओर से शॉल ओढ़ाकर और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं और शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में स्वच्छता, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे प्रयासों को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों को भी समाजहित में आगे आने की प्रेरणा मिलती है।
दोनों अधिकारियों ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही नगरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में नगर पालिका का सहयोग करें।
कार्यक्रम के माध्यम से ‘मिशन शक्ति’ के तहत बालिकाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।






