ग्राम प्रधानों की बैठक में विकास कार्यों को लेकर जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता 
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद ब्लॉक परिसर में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक के ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रवीन सिंह ने की, जबकि संचालन ग्राम प्रधान डॉ. अजीत सिंह ने किया। बैठक में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान गांवों में विकास कार्य शुरू न होने को लेकर नाराजगी जताई गई और संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई गई। बैठक में जिला अध्यक्ष चौधरी जगमाल सिंह मावई ने कहा कि सरकार द्वारा 26 मई 2026 को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासक नियुक्त किए गए थे। लगभग पांच महीने बीत जाने के बावजूद गांवों में विकास कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि न तो गांवों में विकास कार्य हो रहे हैं और न ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत काम शुरू हो पा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिला अध्यक्ष ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों को शुरू कराने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्राम प्रधानों ने कहा कि गांवों के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर संगठन चुप नहीं बैठेगा। सभी ने गांवों में विकास कार्य शुरू कराने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। बैठक में ग्राम प्रधान प्रवीन सिंह, ग्राम प्रधान डॉ. अजीत सिंह, संजय प्रधान, रविंद्र सिंह, सुबोध कसाना गिनोरा नगली, टीटू प्रधान ककरई, पवन लोधी जसर, बबली सिंह, सुरेंद्र सिंह, रीतू प्रधान, कुशल प्रधान, रवि प्रधान, मूलचंद गिरी मुल्लानी, राहुल कुमार सहित ब्लॉक क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।






