छठवें स्थापना दिवस पर डॉ. सुविन भारद्वाज ने मां काली की आरती कर लिया आशीर्वाद
-श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
जनसागर टुडे गगन बंसल 
जहांगीराबाद। नगर में मां महाकाली के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को पथवारी आश्रम से रामगढ़ी तक भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में आयोजित यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मां महाकाली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे डॉ. सुविन भारद्वाज ने फीते की गांठ खोलकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मां महाकाली के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। डॉ. सुविन भारद्वाज ने कहा कि मां महाकाली की भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में श्रद्धा, आस्था, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही लोगों को आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश भी देते हैं। उन्होंने मां महाकाली से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। कार्यक्रम संयोजक सुंदर भगत के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और मां महाकाली का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।






