Monday, October 12, 2026
No menu items!
spot_img
spot_img
होमUncategorizedशक्ति, भक्ति और उल्लास के साथ नगर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ,...

शक्ति, भक्ति और उल्लास के साथ नगर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, गूंजे माता के जयकारे ​

शक्ति, भक्ति और उल्लास के साथ नगर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, गूंजे माता के जयकारे
​
जनसागर टुडे गगन बंसल 
जहांगीराबाद। ​अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ ही रविवार को जगत जननी माँ दुर्गा की आराधना के महापर्व ‘शारदीय नवरात्र’ का भव्य और आध्यात्मिक उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया है। रविवार की सुबह से ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। “माता रानी के जयकारों” और घंट-घड़ियालों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। आज रविवार को प्रातः शुभ मुहूर्त में घरों और मंदिरों में मां शैलपुत्री का आह्वान करते हुए कलश (घट) स्थापना की गई। पंडितों और आचार्यों के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में माता को नारियल, चुनरी, सिंदूर और श्रृंगार सामग्री अर्पित करने के लिए लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। नवरात्रि के पावन पर्व ​को लेकर बाजार भी पूरी तरह गुलजार नजर आ रहे हैं। पूजन सामग्री, फल, फूल, नारियल और चुनरी की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही, नौ दिनों के उपवास और व्रत को ध्यान में रखते हुए कुट्टू का आटा, साबूदाना, सिंघाड़े का आटा और फलाहारी वस्तुओं की मांग में भी काफी तेजी आई है। व्यापारियों के चेहरों पर भी अच्छा कारोबार होने से खुशी साफ झलक रही है। ​त्योहार के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। माँ बिन्नेर देवी मंदिर, माँ पीतांबरा देवी मंदिर व माँ ढका देवी मंदिर और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं। ​अगले नौ दिनों तक पूरा क्षेत्र माता की भक्ति और धार्मिक अनुष्ठानों के रंगों में सराबोर रहेगा।

- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

- Advertisment -spot_img

NCR News

Most Popular

- Advertisment -spot_img