गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील, घर पर जैविक खाद बनाने के बताए फायदे
जनसागर टुडे | बिजनौर।
नगर पालिका परिषद चांदपुर की ओर से स्वच्छता को बढ़ावा देने और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना के निर्देश पर पालिका टीम ने सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नागरिकों को सोर्स सेग्रीगेशन (कचरे का स्रोत पर पृथक्करण) और होम कंपोस्टिंग के महत्व की जानकारी दी।
अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सब्जियों और फलों के छिलकों सहित अन्य जैविक कचरे से घर पर ही खाद तैयार की जा सकती है। इससे कचरे की मात्रा कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
नगर पालिका परिषद की टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कचरे को खुले में या सड़कों पर न फेंकें। साथ ही, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की आदत अपनाएं और होम कंपोस्टिंग के माध्यम से स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
पालिका प्रशासन ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नागरिकों से शहर को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
स्वच्छ चांदपुर, सुंदर चांदपुर — स्वच्छता में जनभागीदारी, शहर में खुशहाली।






