दादरी। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत नगर पालिका परिषद दादरी द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के निर्देशन में वार्ड संख्या 5 एवं 6 में अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को धूल नियंत्रण, निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले C&D वेस्ट के उचित निस्तारण तथा घर-घर से निकलने वाले कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा निर्माण सामग्री और मलबे को सार्वजनिक स्थानों पर न डालें।
नगर पालिका टीम ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ धूल एवं कचरे से होने वाले प्रदूषण को कम करने में आमजन की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त दादरी के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।
अभियान के माध्यम से लोगों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया गया।






