जनसागर टुडे
ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण, विद्यार्थियों ने रखे विचार
आजमगढ़ / अजय सिंह – आजमगढ़ शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत से हुआ। प्रातः नौ बजे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इसके बाद प्राचार्य प्रो. अफसर अली सहित डॉ. मोहम्मद खालिद, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. गीता एवं अन्य शिक्षकों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में छात्राओं अफीफा समरीन, अफीफा जरीन, कोमल यादव एवं निकहत ने गांधी जी के जीवन, संघर्ष, विचारों, आदर्शों और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विचार रखे। विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम के संदेश को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रो. मोहम्मद खालिद ने गांधी जी के विचार एवं दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा प्रदान कर सकते हैं। वहीं प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आसिम खान ने किया। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर डॉ. एहतशामुल हक सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सत्य, अहिंसा और भाईचारे के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।






