जनसागर टुडे
बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बनकर फर्जी आईडी दिखाई, रकम लेकर दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
फर्जी मुहर, परिचय पत्र, मोबाइल और 10 हजार रुपये नगद बरामद
मेहनाजपुर आजमगढ़- आजमगढ़ सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 2.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में मेहनाजपुर पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित को फर्जी परिचय पत्र दिखाया और नौकरी लगवाने के नाम पर 2 लाख 30 हजार रुपये नगद लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंचने पर पीड़ित को उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। मामले में हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा पुत्र फेकन विश्वकर्मा ने 30 सितंबर को थाना मेहनाजपुर में तहरीर दी। आरोप है कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र ने स्वयं को बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए फर्जी आईडी के जरिए विश्वास में लिया और सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ले ली। कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़ित को नियुक्ति पत्र दिया। ज्वाइनिंग के लिए पहुंचने पर नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। रुपये वापस मांगने पर आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करता रहा।
तहरीर के आधार पर थाना मेहनाजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 87/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।
मानिकपुर मोड़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वांछित अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मेहनाजपुर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय पुलिस टीम के साथ अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 सितंबर को करीब 14:10 बजे मानिकपुर मोड़ से हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी मुहर और परिचय पत्र समेत सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़ कार्यालय का एक फर्जी परिचय पत्र, एक फर्जी मुहर, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नगद बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम पुत्र रामफेर राम, निवासी ग्राम बेला कलीचपुर, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 58 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में मु0अ0सं0-87/2026, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 341(1) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, हेड कांस्टेबल कालिका यादव और कांस्टेबल पुनीत सिंह, थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़ शामिल रहे।






