ग्रेटर नोएडा /अलीगढ़-
। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने करीब 30 हेक्टेयर यानी 3 लाख वर्ग मीटर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार एवं शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान में स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ प्राधिकरण के भूलेख एवं प्रोजेक्ट विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
प्रवर्तन अभियान के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण को हटाया और प्राधिकरण की भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस), शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनोज कुमार सिंह सहित प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया।
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा, अवैध निर्माण अथवा अनधिकृत विकास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियोजित एवं सुनियोजित विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार के प्रवर्तन अभियान जारी रखे जाएंगे।
यीडा की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अधिसूचित क्षेत्रों में सरकारी एवं प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






