जनसागर टुडे
मेहनाजपुर/आजमगढ़। – मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिल्लूपुर गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मेहनाजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार चिल्लूपुर निवासी बबिता की शादी करीब छह वर्ष पूर्व आनंद राजभर पुत्र रामबचन राजभर के साथ हुई थी। दोनों का पांच वर्षीय पुत्र यश है। बताया जा रहा है कि इसी बीच बबिता अपने देवर राजन राजभर के संपर्क में आ गई थी। परिजनों के अनुसार मई माह में बबिता राजन के साथ घर छोड़कर मुंबई चली गई थी। जुलाई में दोनों वापस चिल्लूपुर लौटे थे।
ग्रामीणों के अनुसार परिजनों की सहमति से बबिता और राजन की शादी लालगंज तहसील में नोटरी बयान-हलफी के माध्यम से 7 अगस्त 2026 को कराई गई थी। इसके बाद शनिवार को बबिता का शव साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना पर मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बबिता का मायका गाजीपुर जिले के मौधा बताया गया है।






