इंटर कॉलेज में 9वीं के छात्र के साथ कुकर्म का आरोप, स्कूल प्रशासन पर लीपापोती का अंदेशा
जनसागर टुडे गगन बंसल संवाददाता
जहांगीराबाद। नगर के एक इंटर कॉलेज में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ उसके ही तीन सहपाठियों द्वारा कुकर्म किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र के पिता को स्कूल से फोन पर केवल यह सूचना दी गई थी कि उनके बेटे का अन्य छात्रों के साथ झगड़ा हुआ है। इस सूचना के बाद जब पिता स्कूल पहुंचे, तो सहम चुके छात्र ने आपबीती सुनाते हुए अपने ही तीन सहपाठियों पर कुकर्म जैसे गंभीर और घिनौने आरोप लगाए। पीड़ित छात्र के परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और स्टाफ ने इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को समझने के बजाय इसे टालने का प्रयास किया और मामले में घोर लापरवाही बरती। घटना के बाद से स्कूल परिसर में लगे सुरक्षा कैमरों की रिकॉर्डिंग चर्चा का विषय बनी हुई है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस पूरी घटना से जुड़ा वीडियो स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में कैद है। पिता का आरोप है कि जब उन्होंने एक शिक्षक से उस वीडियो के बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने कैमरे में ऐसा कोई भी वीडियो होने से साफ इनकार कर दिया। अब यह कैमरा रिकॉर्डिंग और फुटेज की मौजूदगी मामले की जांच का सबसे अहम और बड़ा बिंदु बन गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित और व्यथित पीड़ित छात्र के पिता कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस अब स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज, शिक्षकों के बयानों और लगाए गए अन्य गंभीर आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






